नीमच जिले के ग्राम बांगरेड में एक विधवा महिला की कृषि भूमि हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़िता निर्मलाबाई ने अपने देवर और उसके बेटों पर धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। बुधवार को पीड़िता ने एसपी कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज जमीन पर झूठा दावा निर्मलाबाई ने बताया कि ग्राम बांगरेड स्थित सर्वे नंबर 431, 433 और 443/2 की कुल 1.777 हेक्टेयर भूमि उनके और उनकी तीन बेटियों के नाम दर्ज है। पीड़िता ने इस जमीन का विक्रय अनुबंध बहादुर सिंह के पक्ष में कर कब्जा सौंप दिया था। इसके बाद आरोपी देवर प्रेमचंद और उसके बेटों ने समाचार पत्र में फर्जी ‘जाहिर सूचना’ प्रकाशित करवाकर स्वयं को भूमि का स्वामी बता दिया। जान से मारने की धमकी और मौके पर विवाद आरोप है कि जब निर्मलाबाई ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। विपक्षी पक्ष अब खरीदार बहादुर सिंह को भी खेत जोतने से रोक रहा है, जिससे मौके पर विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई है। आरोपियों ने कथित तौर पर कहा कि पति की मृत्यु के बाद वे इस जमीन पर कब्जा करेंगे। भू-माफिया की तरह व्यवहार करने का आरोप पीड़िता ने एसपी को सौंपे ज्ञापन में आरोपियों को भू-माफिया बताते हुए उन पर धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र का केस दर्ज करने की मांग की है। निर्मलाबाई ने पुलिस से अपील की है कि उनके और उनकी बेटियों के हक की रक्षा की जाए और उन्हें मानसिक प्रताड़ना से बचाया जाए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link