विधायक को बाबा ने धक्का दिया, माला फेंकी:दतिया में भागवत कथा का वीडियो, लोग बोले- आशीर्वाद देने का अंदाज




सेवड़ा तहसील के ग्राम बेरछा में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के दौरान एक अजीबोगरीब घटनाक्रम सामने आया है। निसरोल मंदिर के महंत सीताराम महाराज से आशीर्वाद लेने पहुंचे सेवड़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल को कथित तौर पर बाबा ने गुस्से में धक्का देकर अलग कर दिया और माला-प्रसाद भी फेंक दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। जानकारी के मुताबिक, विधायक अग्रवाल कथा स्थल पर पहुंचे और परंपरा अनुसार बाबा को माला अर्पित कर झुककर आशीर्वाद लेने लगे। इसी दौरान बाबा ने अचानक प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें अलग कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार बाबा का यह व्यवहार चौंकाने वाला जरूर था, लेकिन उनके अनुयायी इसे ‘विशेष आशीर्वाद’ की शैली बता रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीताराम महाराज अक्सर इसी तरह के तेज और आक्रामक अंदाज में आशीर्वाद देते हैं। उनके भक्तों के बीच यह धारणा है कि बाबा जब तक गुस्से या कठोर व्यवहार के साथ आशीर्वाद नहीं देते, तब तक उसे प्रभावी नहीं माना जाता। यही वजह है कि इस तरह के वीडियो पहले भी सामने आते रहे हैं। घटना के दौरान कथा स्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी जैसे हालात भी बने। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी बाबा ने व्यास गद्दी पर बैठे आचार्य को गद्दी से उठा कर खुद बैठने जैसी हरकत की थी। जिससे उनके व्यवहार को लेकर अलग-अलग चर्चाएं होती रही हैं। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कोई इसे आस्था और परंपरा से जोड़कर देख रहा है, तो कुछ लोग इसे सार्वजनिक मंच पर अनुचित व्यवहार बता रहे हैं। फिलहाल, विधायक की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *