शादी में खाना खाने को कहा तो मार डाला:नर्मदापुरम में पुलिस टीम पर भी बाप-बेटे का हमला; कॉन्स्टेबल पर चाकू से 9 वार




नर्मदापुरम जिले के शिवपुर थाना क्षेत्र (ग्राम नाहरकोला) में रविवार रात शादी समारोह में विवाद के बाद चाकूबाजी हुई। इसमें एक व्यक्ति की मौत हुई और 6 लोग घायल हुए। रात 1 बजे आरोपियों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर भी हमला हुआ, जिसमें एक आरक्षक को 9 जगह चाकू लगे और वह गंभीर रूप से घायल हुआ। उसकी हालत स्थिर है। पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास के दो केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की हैं। पुलिस के मुताबिक, रविवार रात रामनारायण के भतीजे की शादी चल रही थी। तभी गांव का अमर सिंह कीर शराब के नशे में वहां पहुंचा। रामनारायण ने उससे कहा, ‘आ जाओ खाना खा लो’। इस पर अमर भड़क गया और बोला, ‘मैं क्या खाने का भूखा हूं’। भीड़ ज्यादा होने पर लोगों ने उसे समझाकर घर भेज दिया। कुछ देर बाद अमर सिंह डंडा और उसका बेटा लोकेश कीर चाकू लेकर वापस आया और झगड़ा करने लगा। 3 AI जनरेटेड तस्वीरों में देखिए पूरा घटनाक्रम… बीच-बचाव करने वालों पर किया हमला, दौलत की मौत विवाद बढ़ने पर दूल्हे के चाचा हरिनारायण समझाने आए, तो लोकेश ने उन पर चाकू से हमला किया। बीच-बचाव में दौलत कीर, रामनारायण कीर, जयनारायण कीर और महिला क्षमा कीर समेत 6 लोग आगे आए। आरोपियों ने सभी पर चाकू से वार किए। इसमें दौलत कीर की ज्यादा चोट लगने से मौत हो गई। रामनारायण और जयनारायण को गंभीर चोटें आईं। सभी घायलों को जिला अस्पताल (नर्मदापुरम) रेफर किया गया। आरक्षक ने पकड़ा, आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया सूचना मिलने पर रात 1 बजे थाना प्रभारी केएन रजक, प्रधान आरक्षक सुनील, आरक्षक ओम जाट और दीपक आरोपियों को पकड़ने पहुंचे। थाना प्रभारी केएन रजक ने बताया, “गांव में हमें देखकर आरोपी भागने लगा। जिसे पकड़ने के लिए आरक्षक ओम और हम भी दौड़े। ओम जाट ने तेजी से दौड़कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया और हाथ, पैर व पेट में चाकू मारे। हम पास पहुंचे तब तक आरोपी दूर भाग गया। आरक्षक के शरीर से खून बह रहा था, इसलिए उसे बचाना प्राथमिकता थी। इस बीच आरोपी भाग निकला।” आरक्षक ओम जाट के पेट, हाथ और पैर में 9 जगह चाकू लगे। उसे सिवनी मालवा से नर्मदापुरम रेफर किया गया। आधी रात को एसपी सांई कृष्णा एस थोटा, एएसपी और एसडीओपी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। SP बोले- हत्या और हत्या के प्रयास के 2 केस दर्ज एसपी सांई कृष्णा एस थोटा ने बताया, “शादी के दौरान बाप-बेटे ने चाकू मारे हैं। जिसमें एक की मौत हुई है और अन्य घायल हैं। आरोपियों को पकड़ने जब टीम दौड़ी तो उन्होंने पुलिस पर भी हमला किया। जिसमें आरक्षक को पेट, पैर और हाथ में चोट आई है। रात में ही मैंने घटनास्थल और अस्पताल जाकर आरक्षक को देखा है। उसकी हालत ठीक है। आरोपियों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास के दो केस दर्ज किए गए हैं। उन्हें पकड़ने के लिए टीम गठित कर दी गई है।”



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *