झिझनियाली गांव से 2 किलोमीटर दूर बीरे की ढाणी स्थित एक ट्यूबवेल पर बुधवार को मर्डर की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ 50 वर्षीय हथु देवी की अज्ञात हमलावरों ने सिर पर वार कर हत्या कर दी। मृतका हथु देवी और उसका पति अमराराम चौधरी मूल रूप से कानोड़ (बायतु) के निवासी हैं और पिछले 13 सालों (वर्ष 2013) से इसी ट्यूबवेल पर रहकर काम कर रहे थे। शादी से लौटा पति, तब मर्डर का चला पता मृतका का पति अमराराम एक शादी समारोह में गया हुआ था। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे जब वह वापस लौटा, तो अपनी पत्नी का शव लहूलुहान हालत में देखा। हमलावरों ने हथु देवी के सिर पर किसी भारी चीज से गहरी चोट पहुँचाई थी, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही झिझनियाली थाना पुलिस।, सांगड थाना और एसपी अभिषेक शिवहरे भारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रैक्टर गायब, मौके पर मिले पैरों के निशान घटना के बाद घर के बाहर खड़ा ट्रैक्टर गायब पाया गया है, जिसे आरोपी लूटकर ले गए हैं। पुलिस को घटनास्थल के आसपास संदिग्धों के पैरों के निशान भी मिले हैं, जिन्हें सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी गई है। पति अमराराम ने पुलिस से जीरा चोरी होने का भी बताया है, हालाँकि पुलिस की तलाशी में घर के अंदर 30 बोरी जीरा सुरक्षित पाया गया है। बताया जा रहा है कि काफी जीरा गायब है। जांच में जुटी टीमें एसपी अभिषेक शिवहरे ने बताया कि FSL टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। पैरों के निशानों और गायब ट्रैक्टर के आधार पर पुलिस की टीमें आरोपियों का पीछा कर रही हैं। यह परिवार 13 साल से यहाँ शांति से रह रहा था, ऐसे में पुलिस रंजिश और लूट दोनों एंगल से पड़ताल कर रही है। एसपी अभिषेक शिवहरे ने बताया- “महिला हथु देवी की भारी वस्तु से सिर पर चोट मारकर हत्या की गई है। पति ने बताया मौके से ट्रैक्टर गायब है लेकिन जीरा घर में ही मिला है। संदिग्धों के पैरों के निशान मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।”
Source link