शिवगंज में चाकूबाजी, युवक गंभीर घायल:मुंह पर रुमाल बांधकर आया आरोपी, पुलिस तलाश में जुटी




शिवगंज के बडगांव में आपसी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। घायल को पहले शिवगंज और फिर सिरोही जिला ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस को अभय कमांड सेंटर से गोपेश्वर मंदिर के पास चाकूबाजी की सूचना मिली। थाना अधिकारी बाबूलाल राणा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मंदिर परिसर में काम्बेश्वर कॉलोनी निवासी हसमुख मीणा घायल अवस्था में मिले, उनके सीने पर चाकू के वार के निशान थे। पुलिस ने घायल हसमुख मीणा को तुरंत शिवगंज अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सिरोही जिला मुख्यालय के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान हसमुख मीणा ने बताया कि बडगांव निवासी प्रकाश मीणा ने उन पर हमला किया था। हमलावर ने अपने चेहरे को रुमाल से ढका हुआ था और वारदात के बाद तुरंत फरार हो गया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आरोपी प्रकाश मीणा की तलाश शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *