संगठित अपराध से जुड़े तीन आरोपी गिरफ्तार:श्रीगंगानगर के बदमाशों को शरण देने, रैकी का आरोप; अवैध हथियार बरामद




हनुमानगढ़ पुलिस ने संगठित अपराध से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नोहर पुलिस ने श्रीगंगानगर में घायल बदमाश को शरण देने और इलाके में रैकी करने के आरोप में दो लोगों को पकड़ा है। वहीं, भिरानी थाना पुलिस ने एक अन्य आरोपी को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। नोहर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोनू निवासी खचवाना और संदीप निवासी फेफाना के रूप में हुई है। इन पर संगठित आपराधिक गैंग से जुड़े होने का आरोप है। भिरानी पुलिस ने अनिल उर्फ चोटिया उर्फ गुरू निवासी सागड़ा, हनुमानगढ़ को गिरफ्तार किया, जिसके पास से दो अवैध पिस्तौल बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, मोनू और संदीप के तार श्रीगंगानगर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए बदमाश आकाश और शिवा गुर्जर से जुड़े हैं। इन दोनों आरोपियों ने श्रीगंगानगर के बदमाशों को शरण दी और उनके लिए रैकी भी की थी। इनका संबंध भिरानी पुलिस द्वारा गिरफ्तार अनिल उर्फ चोटिया से भी पाया गया है। श्रीगंगानगर में फायरिंग के बाद गिरफ्तार हुए आरोपी आकाश का संबंध फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी फायरिंग केस से बताया गया है, जिससे यह मामला और भी संवेदनशील हो गया है। भिरानी पुलिस द्वारा पकड़े गए अनिल उर्फ चोटिया के खिलाफ पहले से एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, चोरी और मारपीट सहित लगभग 20 मामले दर्ज हैं। इस तरह सामने आया मामला
नोहर थाना में शनिवार को शहनवाज उर्फ सद्दाम निवासी नोहर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि करीब तीन माह पहले आकाश निगम व शिवा गुर्जर नाम के दो लोग उसके पास आए थे। इन लोगों ने उसके एक व्यक्ति को मारने के लिए कहा। मना करने पर दोनों ने मारपीट की और 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी। चोटिया को दो अवैध देसी पिस्तौल सहित पकड़ा शहनवाज ने पुलिस को बताया कि इन दोनों ने अनिल, मोनू और संदीप के भी गैंग में शामिल होने की बात कही थी। परिवादी की शिकायत पर नोहर पुलिस ने जांच शुरू की और मोनू व संदीप को गिरफ्तार कर लिया। उधर, भिरानी थाना पुलिस ने अनिल उर्फ चोटिया को दो अवैध देसी पिस्तौल सहित पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी एक संगठित गैंग का हिस्सा हैं, जो आपराधिक गतिविधियों के लिए कुख्यात है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह अपराधियों को शरण देने और उनकी रेकी में मदद करता था। लॉरेंस गैंग का सक्रिय सदस्य परिवादी शहनवाज उर्फ सद्दाम द्वारा बताए गए नाम का आरोपी आकाश श्रीगंगानगर में हुए एनकाउंटर में घायल है। इसके कथित रूप से फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर फायरिंग की सुपारी लेने की बात सामने आई थी। उसे लॉरेंस गैंग का सक्रिय सदस्य बताया गया है। उधर, शिवा गुर्जर को भी श्रीगंगानगर की कोतवाली पुलिस ने आगरा से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया था। पुलिस हनुमानगढ़ में पकड़े गए आरोपियों और इन लोगों के बीच संभावित कनेक्शन की जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *