पंजाब के संगरूर जिले के धुरी शहर के शिवपुरी मोहल्ले में एक ज्वेलर के घर पर पेट्रोल बम से हमला किया गया। बीती रात तीन नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित दर्शन कुमार खुरमी, जो स्थानीय ज्वेलर यूनियन के प्रधान भी हैं, ने बताया कि रात करीब 10 .53 बजे तीन अज्ञात युवक उनकी गली में आए। उन्होंने पेट्रोल से भरी बोतल को आग लगाकर सीधे घर के अंदर फेंक दिया। बम फटने से घर के अंदर खड़ी कार में आग लग गई। परिवार ने लोगों की मदद से बुझाई आग परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। दर्शन कुमार की पत्नी ने चिंता जताते हुए कहा कि अगर समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं किया जाता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी, क्योंकि घर में कार के साथ गैस सिलेंडर भी मौजूद थे। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग दर्शन कुमार ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और उन्हें पहले कभी कोई धमकी भी नहीं मिली थी। इस अचानक हुए हमले से परिवार और पूरे मोहल्ले के लोग सहमे हुए हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा और डर का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही पुलिस धुरी के डीएसपी गुरप्रीत सिंह ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
Source link