पंजाब के संगरूर जिले में दिनदहाड़े झपटमारी की एक घटना सामने आई है। यहां घर के बाहर बैठी एक बुजुर्ग महिला से सोने की बालियां झपट ली गईं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी है। शिकायतकर्ता संदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि दोपहर करीब 12:17 बजे उनकी दादी गुरदेव कौर अपने घर के मुख्य गेट पर चारपाई पर बैठी थीं। तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और पानी पीने के बहाने उनसे बात करने लगे। बातचीत कर जाल फंसाया बातचीत के दौरान उन्होंने मौका पाकर गुरदेव कौर के कानों से सोने की बालियां झपट लीं और तुरंत मौके से फरार हो गए। यह घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास के लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। संदीप सिंह ने मामले की जांच-पड़ताल की तो उसे पता चला कि झपटमारी करने वालों में से एक की पहचान लवदीप सिंह के रूप में हुई है। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि दूसरे अज्ञात आरोपी की पहचान के प्रयास जारी हैं और जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई करने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।
Source link