दरभंगा के अलीनगर विधानसभा क्षेत्र के नरमा में आज ‘भाजपा जिला संगठनिक दरभंगा पूर्वी’ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने संगठन की जमीनी ताकत का प्रदर्शन किया। बैठक का मुख्य आकर्षण भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का आगमन रहा। उनके पहुंचते ही महामंत्री संजय सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। पूरा वातावरण ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम का आयोजन महामंत्री संजय सिंह के आवास पर किया गया, जहां मिथिला की परंपरा के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष और अन्य अतिथियों को पाग, चादर, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। विशेष रूप से प्रदेश अध्यक्ष को प्रतीकात्मक तलवार भी भेंट की गई। संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं के समर्पण पर निर्भर अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने का आह्वान करते हुए तीन प्रमुख कार्यक्रमों पर फोकस करने को कहा। इसमें डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती सप्ताह का आयोजन, स्थापना दिवस सप्ताह और ‘मन की बात’ कार्यक्रम की व्यापक पहुंच सुनिश्चित करना शामिल है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं के समर्पण और अनुशासन पर निर्भर करती है। महामंत्री संजय सिंह ने बताया कि 13 अप्रैल को महापुरुषों की प्रतिमाओं के पास साफ-सफाई अभियान और दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जबकि 14 अप्रैल को बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके योगदान पर चर्चा की जाएगी। बैठक के दौरान जनसंघ काल के वरिष्ठ कार्यकर्ता तूफानी बाबा को प्रदेश अध्यक्ष की ओर से सम्मानित किया गया। वहीं ‘मन की बात’ कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मंडल अध्यक्ष लाल मुखिया, सुधीर सिंह, पंकज कंठ और चंदन कुमार ठाकुर को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री मनोज सिंह, जिला अध्यक्ष विनय पासवान, जिला प्रभारी राजीव रंजन, नुनु झा, रामकरण दास, सुजित चौधरी, राहुल कर्ण, ब्रजेश झा, संतोष झा समेत कई पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Source link