संभल में सीमेंटेड खंभा टूटने से लाइनमैन की मौत:बिजली लाइन खींचते समय हादसा हुआ, सिर के बल जमीन पर गिरा




संभल जिले में बिजली की नई लाइन खींचने के दौरान एक संविदा लाइनमैन की सीमेंटेड खंभा टूटने से मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब लाइनमैन खंभे पर चढ़कर काम कर रहा था और खंभा बीच से टूट गया, जिससे वह सिर के बल जमीन पर गिर गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना सोमवार रात करीब 9 बजे जनपद संभल के थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के गांव भारतल गढ़ी में हुई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय मोतीराम पुत्र खूबचंद्र निवासी गांव हजरतनगर गढ़ी के रूप में हुई है। दो-तीन दिन पहले आए आंधी-तूफान के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी और कई खंभे व लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई थीं, जिनकी मरम्मत का काम चल रहा था। मोतीराम अन्य कर्मचारियों के साथ गांव में नई लाइन खींचने का काम कर रहे थे। ग्रामीणों की मदद से नए बिजली के खंभे खड़े किए गए थे। खंभे पर चढ़कर लाइन खींचते समय सीमेंटेड पोल अचानक बीच से टूट गया, जिससे मोतीराम संतुलन खोकर नीचे गिर गए। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भारतल गढ़ी पहुंचे और घायल मोतीराम को जिला संयुक्त चिकित्सालय ले गए। देर रात डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक मोतीराम अपने पीछे पत्नी कमलेश और तीन बेटों मुकेश (16 वर्षीय), राजेश (14 वर्षीय) और अरुण (12 वर्षीय) को छोड़ गए हैं। थाना प्रभारी सुधीर पंवार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और एक दरोगा को अस्पताल भेजा गया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है। पुलिस के अनुसार, अभी तक परिजनों की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *