भोजपुर जिले के अंतर्गत चरपोखरी थाना क्षेत्र के नगरी बाजार में सड़क हादसे के बाद उपजे विवाद में सरपंच पति समेत दो लोगों को गोली मार मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल सरपंच पति मनोज शर्मा के बयान पर दर्ज केस में नगरी निवासी ब्रजेश कुमार, नीरज कुमार उर्फ मंगनी पांडेय तथा मलौर गांव निवासी शनि शर्मा को नामजद किया गया है, जबकि तीन अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपित बनाया गया है। पुलिस ने इस मामले में एक नामजद आरोपी नीरज कुमार उर्फ मंगनी को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। जानिए, दर्ज एफआईआर में क्या कहा? प्राथमिकी के अनुसार, घटना की शुरुआत 19 अप्रैल की रात हुई, जब मनोज शर्मा की बड़ी मां लखमुना देवी टहलने के लिए आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पर निकली थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बाइक चालक शनि शर्मा को पकड़ लिया था, लेकिन आरोप है कि गांव के ही नीरज कुमार ने धक्का देकर उसे मौके से भगा दिया। इसके बाद दुर्घटना में प्रयुक्त बाइक को मनोज शर्मा ने अपने फर्नीचर की दुकान पर रख लिया था। अगले दिन 20 अप्रैल की सुबह हालात उस समय बिगड़ गए, जब तीन अज्ञात लोग उनकी दुकान पर पहुंचे और जबरन बाइक लेकर जाने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने हथियार निकालकर करीब 12 राउंड फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में मनोज शर्मा की जांघ में गोली लगी, जबकि पास में बैठे गोरख पासवान भी गोली लगने से घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए और जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी। प्राथमिकी में यह भी उल्लेख किया गया है कि एक दिन पहले ही हरेन्द्र कुमार ने बाइक नहीं छोड़ने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह के अनुसार, मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
Source link