हरियाणा के कैथल में बाल विवाह का मामला सामने आया है, जिसमें सहारनपुर की रहने वाली 15 साल की नाबालिग लड़की का विवाह कर दिया गया। मामला तब खुला जब लड़की 5 माह की गर्भवती पाई गई। इस पूरे प्रकरण में जिला संरक्षण अधिकारी एवं बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी ने मुकदमा दर्ज कराया है। जानकारी के अनुसार, 14 अगस्त 2025 को तहरीर देकर बताया कि तमन्ना (बदला नाम) के पिता और माता निवासी गांव मडला, सहारनपुर की जन्मतिथि 9 अक्टूबर 2008 है। आधार कार्ड के अनुसार उसकी वर्तमान आयु करीब 15 वर्ष 10 माह है। वर्तमान में वह कैथल जिले के पूण्डरी थाना क्षेत्र के हाबड़ी, डींग रोड स्थित डेरा कुजरावाला में रह रही है और 5 महीने की गर्भवती है। जांच में सामने आया कि तमन्ना का विवाह 13 अप्रैल 2025 को सहारनपुर जिले के गांव महला में हिंदू रीति-रिवाज से कराया गया था। विवाह समारोह आकाश के घर पर हुआ। इस दौरान उसका पति, ससुर, सास, बुआ सास, चाचा ससुर और एक पंडित (नाम अज्ञात) मौजूद थे। शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने आकाश, तमन्ना और सोमबीर को पूछताछ के लिए बुलाया। इस पर आकाश और तमन्ना ने 9 सितंबर 2025 को जन्म प्रमाण पत्र और आयु संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने का आश्वासन दिया था। हालांकि, निर्धारित तिथि पर कोई भी उपस्थित नहीं हुआ। अगले दिन 10 सितंबर को केवल सोमबीर कार्यालय पहुंचा और बयान दर्ज कराया कि वह 9 सितंबर को तमन्ना के मायके गया था, लेकिन उसे उनका सही पता नहीं मालूम और उनके फोन भी बंद हैं। इसके बाद विभाग को गुप्त सूचना मिली कि आकाश, तमन्ना और सोमबीर अपने बच्चे के साथ फिर से पूण्डरी क्षेत्र के हाबड़ी स्थित निवास पर आ गए हैं। जिला संरक्षण अधिकारी ने पुलिस अधीक्षक को भेजी तहरीर में अनुरोध किया है कि इस मामले में बाल विवाह और 10 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
Source link