उदयपुर जिले के सायरा क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव बिना मुंडेर वाले कुएं में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक 2 दिन पहले अपने घर से खेत पर सिंचाई करने के बहाने निकला था। जब वे देर शाम तक वापस घर नहीं लौटे, तो घरवालों को चिंता होने लगी। उन्होंने आसपास के खेतों और रिश्तेदारों के यहां भी पता किया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। शनिवार को जब परिजन और ग्रामीण उनकी तलाश कर रहे थे, तभी खेत के पास स्थित एक खुले कुएं में उनका शव पानी के ऊपर तैरता हुआ दिखाई दिया। शव देखते ही वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए और तुरंत इसकी सूचना सायरा थाना पुलिस को दी गई। मृतक की पहचान रूपा राम 54 पुत्र नंदा गमेती के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही सायरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। कुआं गहरा होने और मुंडेर न होने की वजह से शव को बाहर निकालने में काफी परेशानी आई। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और सायरा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस की मौजूदगी में परिजनों की रिपोर्ट पर शव का पोस्टमार्टम करवाया गया और फिर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिवार को सौंप दिया गया। परिजनों ने पुलिस को दी अपनी रिपोर्ट में अंदेशा जताया है कि रूपा राम कुएं में पानी के लिए पाइप डाल रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया होगा और वे सीधे कुएं में जा गिरे। कुएं के चारों तरफ कोई सुरक्षा दीवार या मुंडेर नहीं थी, जिससे वे खुद को संभाल नहीं पाए और गहरे पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। फिलहाल, सायरा थाना पुलिस ने मामले में मर्ग दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि शुरुआती तौर पर यह मामला हादसा ही लग रहा है, लेकिन मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
Source link