योगी आदित्यनाथ के 21 अप्रैल को लखीमपुर खीरी के मितौली क्षेत्र में संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। कस्ता विधानसभा क्षेत्र के मितौली में मुख्यमंत्री के संभावित आगमन से पहले प्रशासन सक्रिय हो गया है। वहीं जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और मुख्य विकास अधिकारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कार्यक्रम स्थल और आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन और जनसभा से जुड़ी सभी जरूरी तैयारियों का जायजा लिया। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी व्यवस्थाएं समय से पहले दुरुस्त कर ली जाएं। इस दौरान पूर्व सांसद जुगुल किशोर और क्षेत्रीय विधायक सौरभ सिंह सोनू भी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने पर जोर दिया। प्रशासन द्वारा मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था और जनसभा स्थल को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल की तैनाती और ट्रैफिक रूट डायवर्जन की योजना भी तैयार की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी तैयारियां तय समयसीमा में पूरी कर ली जाएंगी, ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
Source link