सीएसजेएमयू में साइबर सुरक्षा सम्मेलन संपन्न:ऑनलाइन-ऑफलाइन प्रतिभागियों को मिला पुरस्कार, विशेषज्ञों ने दिए विचार




कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के अटल बिहारी वाजपेयी विधि अध्ययन संस्थान में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन शनिवार को संपन्न हो गया। यह सम्मेलन “साइबर सुरक्षा कानून एवं प्रशासन: वैश्विक सुदृढ़ता निर्माण” विषय पर केंद्रित था। सम्मेलन का आयोजन कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के मार्गदर्शन और संस्थान की निदेशिका डॉ. स्मृति रॉय के संरक्षण में हुआ। डॉ. शशिकांत त्रिपाठी सम्मेलन अध्यक्ष, डॉ. राहुल तिवारी सह-अध्यक्ष, डॉ. स्मृति रॉय व डॉ. दिव्यांश शुक्ला समन्वयक, तथा कौशिकी त्रिवेदी और विधि कटियार सह-समन्वयक रहे। दूसरे दिन की शुरुआत पंजीकरण के साथ हुई, जिसके बाद ऑनलाइन और ऑफलाइन तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। ऑनलाइन सत्रों में साइबर सुरक्षा, साइबर गवर्नेंस, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और साइबर अपराध जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। ऑफलाइन सत्रों में भी शोध पत्र प्रस्तुत किए गए, जिन पर विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। दोपहर में सेनानायक तात्या टोपे सीनेट हॉल में समापन सत्र का आयोजन हुआ, जिसका शुभारंभ दीप प्रज्वलन से किया गया। कौशिकी त्रिवेदी ने दो दिनों की गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया। मुख्य वक्ताओं ने साइबर सुरक्षा और साइबर विधि के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए। प्रो. जे.पी. राय ने साइबर गवर्नेंस और वैश्विक चुनौतियों पर प्रकाश डाला, जबकि अन्य वक्ताओं ने साइबर सूचना, विधि और प्रशासन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। इस अवसर पर विभिन्न सत्रों के सर्वश्रेष्ठ शोध पत्र प्रस्तुतकर्ताओं को सम्मानित किया गया। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। डॉ. सम्मुद्दीन ने सम्मेलन की गतिविधियों का सार प्रस्तुत करते हुए सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद दिया। शोधार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए और आयोजन में योगदान देने वाले संकाय सदस्यों व स्वयंसेवकों को भी सम्मानित किया गया। तकनीकी सत्रों, सार्थक विमर्श और समापन समारोह के साथ यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *