सीतापुर में रास्ते विवाद में चले लाठी-डंडे और धारदार हथियार:महिलाओं समेत 5 लोग घायल, 3 जिला अस्पताल रेफर; जांच जारी




सीतापुर के लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के तारनपुर गांव में रविवार शाम रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडों और धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया, जिसमें महिलाओं सहित पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, तारनपुर गांव में लंबे समय से रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चला आ रहा था। रविवार शाम इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस मारपीट में गुफरान, गजाला, किशोरी समेत कुल पांच लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को तत्काल सीतापुर जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, कुछ घायलों को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना के संबंध में एक पक्ष ने निसार, तौफीक और लड्डन समेत कई लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से भी आरोप-प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं, जिससे मामला और तूल पकड़ता जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी है, जिसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *