सीधी में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, 4 घायल:3 की हालत गंभीर, दो महिलाएं शामिल




सीधी जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नौढिया तालाब के पास बुधवार दोपहर करीब 2 बजे एक सड़क हादसा हो गया। इसमें दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में चार लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, हीरो एचएफ डीलक्स (क्रमांक MP53 MF 8367) और हीरो होंडा पैशन (क्रमांक MP53 MG 6022) के बीच जोरदार भिड़ंत हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीण सत्यदेव चौधरी ने बताया कि दोनों बाइक सवार बाजार की ओर जा रहे थे, तभी नौढिया तालाब के पास यह हादसा हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे की सूचना तत्काल अमिलिया थाना प्रभारी राकेश बैस को दी गई। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमिलिया पहुंचाया। वहां उनका इलाज जारी है, जबकि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। थाना प्रभारी राकेश बैस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों बाइकों के बीच आमने-सामने टक्कर की पुष्टि हुई है। घायलों में राम सजीवन साकेत और निर्मला साकेत की पहचान हो चुकी है, जबकि दो अन्य घायलों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस ने कहा कि आवेदन मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *