हनुमानगढ़ जिले में गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया, जिससे दिनभर गर्म हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में तापमान में और वृद्धि की आशंका जताते हुए हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 22 और 23 अप्रैल को जिले में भीषण लू चलने की संभावना है। इन दो दिनों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। इससे दिन और रात दोनों समय गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है। भीषण गर्मी करेगी परेशान
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में शुष्क गर्म हवाएं चल रही हैं। आसमान साफ रहने और तेज धूप के कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। अगले एक सप्ताह तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, जिससे गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
बढ़ती गर्मी को देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने आमजन को सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों से विशेषकर दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और शरीर को ढककर रखने का आग्रह किया गया है। दोपहर में बाजारों में सन्नाटा
बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है। डिहाइड्रेशन से बचने और स्वास्थ्य बिगड़ने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेने की सलाह दी गई है। गर्मी के कारण आमजन की दिनचर्या प्रभावित हो रही है और दोपहर के समय बाजारों में सन्नाटा देखा जा रहा है।
Source link