हनुमानगढ़ में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त रेड कर भारी मात्रा में लाहन नष्ट किया गया और कच्ची भट्ठियों को ध्वस्त किया गया। यह कार्रवाई जिला प्रशासन के निर्देश पर की गई। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी ने बताया कि इस अभियान के तहत गंगागढ़, गंगाघाट, देबूघाट, मक्कासर और अमरपुरा थेड़ी सहित कई गांवों में एक साथ दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान टीम को अवैध शराब बनाने की बड़ी मात्रा में सामग्री मिली, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। उन्होंने बताया कि लगभग पांच हजार लीटर लाहन, जिसका उपयोग हथकढ़ शराब बनाने के लिए किया जाना था, उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके अतिरिक्त, टीम ने 10 कच्ची भट्ठियों को ध्वस्त किया। इस कार्रवाई में 40 पव्वे देशी शराब भी बरामद की गई। इस मामले में आबकारी विभाग ने एक अभियोग (FIR) दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए जिलेभर में लगातार निगरानी रखी जा रही है। पटावरी ने जानकारी दी कि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक अवैध शराब से संबंधित कुल 28 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस संयुक्त कार्रवाई में हनुमानगढ़ प्रहराधिकारी अमर सिंह, भादरा प्रहराधिकारी वीरेंद्र सिंह, नोहर प्रहराधिकारी कमल सिंह और संगरिया प्रहराधिकारी विनोद कुमार सहित विभागीय जाप्ता शामिल था। अधिकारियों ने आम जनता से भी अवैध शराब से संबंधित जानकारी साझा करने की अपील की है, ताकि ऐसे मामलों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
Source link