हरदा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कमताडा में बीती रात एक सड़क हादसे में 45 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, ग्राम सिराली के वार्ड नंबर 11 निवासी राजू पिता रामेश्वर धुर्वे (45) सालाबैडी से मजदूरी कर अपने गांव सिराली लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम कमताडा में निखलेश मोरछले के मकान के सामने किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया और मर्ग कायम किया। शनिवार सुबह जिला अस्पताल में मृतक के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के बेटे वीर सिंह धुर्वे ने बताया कि उनके पिता पिछले आठ-नौ महीने से सालाबैडी में मजदूरी कर रहे थे। राजू के चार बेटे और एक बेटी है। वह अपने दो भाइयों में बड़े थे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हादसे के तुरंत बाद एम्बुलेंस को सूचना दी गई थी, लेकिन वह एक घंटे देरी से पहुंची, तब तक घायल व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश के लिए गांव में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल, अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Source link