32 एवेन्यू रियल्टी ग्रुप पर ईडी ने डाली रेड:जयपुर सहित 7 जगहों पर किया सर्च, लालच देकर निवेशकों से ऐंठे 500 करोड़




प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से 32 एवेन्यू रियल्टी ग्रुप के ठिकानों पर रेड की कार्रवाई की गई। ईडी ने ग्रुप के प्रमोटर-डायरेक्टर्स के जयपुर सहित 7 जगहों पर सर्च किया। यह कार्रवाई धन शोधन अधिनियम के तहत की गई, जिसमें करीब 500 करोड़ रुपए की कथित निवेश पर धोखाधड़ी का आरोप है। ईडी सूत्रों के मुताबिक, 32 एवेन्यू रियल्टी ग्रुप पर करीब 500 करोड़ रुपए की कथित निवेश में धोखधड़ी के मामले में ईडी ने छापेमारी की। यह ग्रुप दिल्ली-एनसीआर और गोवा में रियल एस्टेट व कमर्शियल प्रोजेक्ट्स संचालित करता रहा है। दिल्ली और गुरुग्राम पुलिस की ओर से अनुभव शर्मा, ध्रुव शर्मा और अन्य के खिलाफ दर्ज कई FIR के आधार पर ईडी की ओर से जांच शुरू की गई थी। निवेशकों का आरोप है कि ऊंचे रिटर्न का लालच देकर करोड़ों रुपए का निवेश कराया गया, लेकिन बाद में न तो तय रिटर्न मिला और न ही प्रोजेक्ट्स समय पर पूरे हुए। 13-14 अप्रैल को ईडी की ओर से ग्रुप के प्रमोटर-डायरेक्टर अनुभव शर्मा, ध्रुव शर्मा और अन्य के ठिकानों पर सर्च किया। दिल्ली-एनसीआर, गोवा, जयपुर और मुंबई स्थित 7 परिसरों पर ईडी ने सर्च चलाया। ग्रुप के प्रमोटर-डायरेक्टर्स पर निवेशकों को प्रलोभन देने, संपत्तियों का कब्जा न सौंपने, धन के गबन और दुरुपयोग, जाली और मनगढ़ंत दस्तावेजों के निर्माण और उपयोग, वैधानिक देय राशि का भुगतान न करने और कई संस्थाओं के माध्यम से धन की हेराफेरी करने जैसी संगठित और सुनियोजित आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। जिसके आधार पर अपराध की बड़ी रकम प्राप्त हुई है। छापेमारी के दौरान कई अहम दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन से जुड़े साक्ष्य जुटाए गए हैं। मनी ट्रेल का पता लगाने के लिए बैंक अकाउंट्स व प्रॉपर्टी की जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *