सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र और सिमरी थाना क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कुल पांच लोग घायल हो गए। इनमें से दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए दरभंगा डीएमसीएच रेफर किया गया है। पहली घटना सोमवार देर शाम सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के पास हुई, जहां दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घायलों की पहचान समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर निवासी रामहित यादव (40), रोहित यादव (20) और कांची गांव निवासी लालू महतो के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही सिंहवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सिंहवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। दूसरी सड़क दुर्घटना में पिता-पुत्र घायल हुए हैं। इनकी पहचान अरई थाना सिमरी निवासी मोहम्मद जहीर (45) और उनके पुत्र के रूप में हुई है। इस दुर्घटना में मोहम्मद जहीर की पुत्र की हालत गंभीर बनी हुई है। सिंहवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉक्टर प्रेमचंद प्रसाद ने बताया कि दोनों दुर्घटनाओं के सभी पांच घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दरभंगा डीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। कुल पांच घायलों में से दो की हालत नाजुक बनी हुई है। सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष बसंत कुमार ने बताया कि देर शाम हुई सड़क दुर्घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है। वहीं, सिमरी थाना क्षेत्र में हुई दूसरी सड़क दुर्घटना की जांच भी पुलिस द्वारा की जा रही है।
Source link