CBN ने हरकियाखाल पर पकड़ा कंटेनर, 405 किलो डोडाचूरा:मिर्च के बोरों में छिपाकर ले जा रहा उत्तराखंड का तस्कर गिरफ्तार




केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की टीम ने नीमच-मंदसौर हाईवे पर करोड़ों रुपए का अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। तस्करों ने चकमा देने के लिए मिर्च के बोरों का सहारा लिया था, लेकिन नारकोटिक्स टीम की सतर्कता से उनकी यह योजना फेल हो गई। तस्करों ने कंटेनर में डोडाचूरा की महक छिपाने के लिए उसे लाल मिर्च के बोरों के पीछे छिपा रखा था। उन्हें लगा कि मिर्च की तीखी गंध की वजह से टीम को डोडाचूरा का पता नहीं चल पाएगा। लेकिन सीबीएन की प्रिवेंटिव टीम को पहले ही इसकी सटीक खबर मिल चुकी थी। हाईवे पर घेराबंदी कर पकड़ा ट्रक खुफिया जानकारी के आधार पर टीम ने हरकियाखाल फंटे के पास घेराबंदी की और राजस्थान पासिंग वाले संदिग्ध कंटेनर को रोक लिया। जब ट्रक की बारीकी से तलाशी ली गई, तो मिर्च के बोरों और काले तिरपाल के नीचे से डोडाचूरा से भरे 18 प्लास्टिक के बैग मिले। इनका कुल वजन करीब 405 किलो है। उत्तराखंड का तस्कर गिरफ्तार इस मामले में पुलिस ने उत्तराखंड के चंपावत जिले के रहने वाले एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। विभाग ने ट्रक और मादक पदार्थ को जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आगे की जांच जारी नारकोटिक्स अधिकारी अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि यह नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां होनी थी। अधिकारियों का कहना है कि ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत इस तरह की सख्ती आगे भी जारी रहेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *