सादुलपुर क्षेत्र में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” के तहत AGTF चूरू टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्या और डकैती जैसे गंभीर मामलों में शामिल एक आरोपी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से एक संभावित बड़ी वारदात को टाल दिया गया है। जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद (IPS) ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक, बीकानेर रेंज के निर्देश पर जिले में आदतन अपराधियों, गैंगस्टर तत्वों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में AGTF प्रभारी अभिजीत पाटिल (IPS) के नेतृत्व में “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” अभियान संचालित किया जा रहा है। सूचना पर झुंझुनूं पुलिया के पास दबोचा गया आरोपी पुलिस के अनुसार 4 अप्रैल 2026 को सूचना मिली थी कि प्रदीप जैतपुरा हत्याकांड और डकैती के मामलों में शामिल आरोपी क्षेत्र में घूम रहा है और किसी वारदात को अंजाम दे सकता है। इस पर AGTF टीम और राजगढ़ थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए झुंझुनूं पुलिया के पास एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान संदीप ढाका उर्फ ढाका (23) निवासी बैरासर मझला, थाना राजगढ़ के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देशी रिवॉल्वर बरामद हुआ, जिससे उसकी आपराधिक मंशा का संकेत मिला। आरोपी पर हत्या-डकैती सहित 5 मामले दर्ज प्रारंभिक जांच में सामने आया कि संदीप ढाका के खिलाफ हत्या और डकैती सहित कुल पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह करीब पांच साल तक जेल में रह चुका है और जेल में रहते हुए भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा था। पुलिस के अनुसार अवैध हथियार के साथ उसकी मौजूदगी किसी बड़ी वारदात की आशंका को बढ़ा रही थी। आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज, जांच जारी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ राजगढ़ थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही उसके अन्य आपराधिक नेटवर्क और संभावित साथियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” के तहत अब तक AGTF टीम 11 अवैध पिस्टल, रिवॉल्वर और देशी कट्टे सहित कारतूस बरामद कर चुकी है, जिससे अपराधियों के नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार हुआ है। इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजगढ़ रिछपाल सिंह चारण के सुपरविजन में थानाधिकारी राजेश कुमार सिहाग के नेतृत्व में राजगढ़ थाना पुलिस और DST टीम का सहयोग रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link