गोपालजी ठाकुर बोले, नीतीश ने राज्य को जंगलराज से निकाला:वे बिहार राजनीति के इतिहास पुरुष, अब सम्राट चौधरी के नेतृत्व में विकास होगा




: सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर
भाजपा सांसद गोपालजी ठाकुर ने नीतीश कुमार को बिहार की राजनीति का ‘इतिहास पुरुष’ बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने लालू-राबड़ी के तथाकथित जंगलराज से राज्य को निकालकर विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया, जिसे आने वाले समय में भुलाया नहीं जा सकेगा।
सांसद ने कहा कि 24 नवंबर 2005 को मुख्यमंत्री बनने से लेकर 14 अप्रैल तक का उनका कार्यकाल बिहार के लिए श्रेष्ठ और विकास के दृष्टिकोण से सर्वोच्च रहा। इस दौरान लिए गए अनेक निर्णय देश और दुनिया में अनुकरणीय बने, जो उनकी उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि भले ही नीतीश कुमार अब राज्यसभा के माध्यम से राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय हों, लेकिन उनके अनुभवों का लाभ बिहार को मिलता रहेगा।
सम्राट चौधरी के नेतृत्व में विकास का नया अध्याय शुरू : सांसद
भाजपा सांसद गोपालजी ठाकुर ने सम्राट चौधरी को भाजपा विधायक दल और एनडीए के नेता चुने जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में विकास का एक नया युग शुरू होगा और राज्य तेज, समावेशी और विकास की दिशा में आगे बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बिहार में जनहित के प्रभावी निर्णय लिए जाएंगे और एनडीए सरकार और अधिक सशक्त बनेगी। इस अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह सहित शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार भी व्यक्त किया गया।
भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह, दी बधाई
दरभंगा भाजपा पश्चिमी जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण चौधरी ने सम्राट चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि उनका नेतृत्व अनुभव-समर्पण का परिणाम है। उनके नेतृत्व में एनडीए सरकार और अधिक सशक्त होकर जनहित के कार्यों को गति देगी। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह और विश्वास का माहौल है। उम्मीद जताई कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा।
इस मौके पर पार्टी के कई पदाधिकारी, जिला व मंडल स्तर के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने सम्राट चौधरी को शुभकामनाएं दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *