संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण बिल पेश किए जाने की खबर के बाद उज्जैन में महिलाओं का उत्साह देखने को मिला। बुधवार को शहर के टॉवर चौक पर बड़ी संख्या में महिलाओं, स्कूली बच्चों, शिक्षकों और कामकाजी महिलाओं ने एकत्रित होकर केंद्र सरकार के ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के समर्थन में मानव शृंखला बनाई और वाहन रैली निकाली। इस दौरान महिलाओं ने “भारत माता की जय” के नारे लगाकर अपनी खुशी जाहिर की। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 16, 17 और 18 अप्रैल को लोकसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है, जिसमें महिला आरक्षण बिल पर चर्चा और निर्णय की संभावना है। इस खबर के सामने आने के बाद उज्जैन में भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न वर्गों की महिलाओं और छात्राओं ने टॉवर चौराहे पर एकजुट होकर 33 प्रतिशत आरक्षण को लेकर खुशी मनाई। पोस्टर पर हस्ताक्षर कर पीएम का धन्यवाद किया कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे का हाथ थामकर लंबी मानव शृंखला बनाई। टॉवर चौक पर एक बोर्ड भी लगाया गया था, जिस पर उपस्थित महिलाओं ने हस्ताक्षर कर प्रधानमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके साथ ही सेल्फी पॉइंट पर महिलाओं और छात्राओं ने उत्साह के साथ तस्वीरें भी लीं। टॉवर चौक से फव्वारा चौक तक निकाली रैली कार्यक्रम के अंत में महिलाएं दोपहिया वाहनों पर रैली के रूप में निकलीं, जो टॉवर चौक से फव्वारा चौक तक पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन किया गया। मील का पत्थर साबित होगा यह प्रयास नगर निगम सभापति कलावती यादव ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लागू करने की दिशा में यह विशेष सत्र महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही यह तय हो जाएगा कि किस चुनाव से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलना शुरू होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा नारी सशक्तिकरण के पक्षधर रहे हैं और यह पहल महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
Source link