मुरैना में वनरक्षक हरकेश गुर्जर की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या के बाद आक्रोशित वन कर्मियों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। मध्यप्रदेश वन एवं वन्यप्राणी संरक्षण कर्मचारी संगठन के बैनर तले कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपते हुए कई मांगें रखीं। जिला अध्यक्ष रवि तोमर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वन कर्मचारी और अधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे। सभी ने एकजुट होकर घटना के खिलाफ नाराजगी जताई और कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई कि वनरक्षक हरकेश गुर्जर को शहीद का दर्जा दिया जाए और उनके परिजनों को 1 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता दी जाए। परिजनों को नौकरी और बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाने की मांग संगठन ने मांग की कि मृतक की पत्नी को तत्काल शासकीय नौकरी दी जाए तथा बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च सरकार वहन करे। साथ ही विशेष पेंशन और आवास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाए। वन कर्मियों ने आरोपियों की संपत्ति पर बुलडोजर कार्रवाई करने और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग भी उठाई। वन आरक्षकों को हथियार देने की मांग ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि ड्यूटी के दौरान आत्मरक्षा के लिए वन आरक्षकों को शस्त्र उपलब्ध कराए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि इस घटना से पूरे विभाग में आक्रोश है। हालांकि आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, लेकिन कर्मचारियों ने सख्त कार्रवाई और अन्य मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा है। एडीएम अश्वनी कुमार रावत ने बताया कि संगठन द्वारा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया है, जिसे आगे भेजा जाएगा और निर्णय शासन स्तर पर लिया जाएगा।
Source link