बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के ढोरनपुर गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना को लेकर देर रात तनाव उत्पन्न हो गया। क्षेत्रीय विधायक आशुतोष मौर्य ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और कानूनी प्रक्रिया के तहत प्रतिमा स्थापित कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद विवाद टल गया। यह तनाव तब शुरू हुआ जब कुछ लोगों ने गांव में बिना अनुमति डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी। इसके बाद विरोध के स्वर तेज होने लगे और स्थिति बिगड़ती चली गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि विधायक समय पर हस्तक्षेप नहीं करते तो विवाद और अधिक बढ़ सकता था। इस पूरे घटनाक्रम में स्थानीय थाना स्तर की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रतिमा स्थापना की तैयारी कई दिनों से चल रही थी और इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई थी। हालांकि, पुलिस द्वारा समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि रात में नियमित गश्त और निगरानी प्रभावी नहीं थी, जिसका फायदा उठाकर बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित कर दी गई। इस मामले में थाना प्रभारी मनोज कुमार वर्मा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि एक संवेदनशील मामले में अपेक्षित सतर्कता और सक्रियता नहीं दिखाई गई।
Source link