जनगणना कार्य में लापरवाही, 2 रेवेन्यू ऑफिसर सस्पेंड:मधुबनी DM आनंद शर्मा ने खजौली, झंझारपुर अंचल के कर्मियों पर की कार्रवाई




मधुबनी जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने सरकारी कार्यों में लापरवाही और निर्देशों की अवहेलना के आरोप में दो राजस्व कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई प्रशासनिक अनुशासन को सुदृढ़ बनाने और जनहित के कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है। जिलाधिकारी के संज्ञान में आया कि संबंधित कर्मियों द्वारा राजस्व से जुड़े कार्यों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब किया जा रहा था। इसके अतिरिक्त, “भारत जनगणना–2027” जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम में भी अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखाई गई। उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी और कार्य के प्रति उदासीन रवैये को गंभीरता से लिया गया। संबंधित अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया निलंबित किए गए कर्मचारियों में अंचल कार्यालय, खजौली के आशीष देव और अंचल कार्यालय, झंझारपुर के राजेश कुमार शामिल हैं। उन्हें बिहार सरकारी सेवक आचरण नियमावली, 1976 एवं बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के प्रावधानों के तहत निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय क्रमशः खजौली एवं मधेपुर निर्धारित किया गया है। जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने संबंधित अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि दोनों कर्मियों के विरुद्ध 24 घंटे के भीतर आरोप पत्र जारी किया जाए। उन्होंने निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच प्रक्रिया सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि दोष सिद्ध होने पर आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अवहेलना को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा निर्देशों की अवहेलना को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी को अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं तत्परता से निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *