मधेपुरा पुलिस ने गुरुवार को ऑपरेशन मुस्कान के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 25 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिया। एसपी के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान में तकनीकी शाखा एवं जिले के सभी थानों की सक्रिय भागीदारी रही। आधुनिक तकनीक के उपयोग से इन मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया गया, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली है। बरामद किए गए मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है। लंबे समय से अपने खोए हुए मोबाइल की तलाश कर रहे लोगों के चेहरे पर मोबाइल वापस मिलने के बाद खुशी साफ झलक रही थी। पुलिस की इस पहल से आमजन में पुलिस के प्रति भरोसा भी और मजबूत हुआ है। ऑपरेशन मुस्कान के तहत जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा हेड क्वार्टर डीएसपी मनोज मोहन ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य लोगों की खोई या गुम हुई संपत्ति को वापस दिलाना है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम तकनीकी संसाधनों और सूचनाओं के आधार पर लगातार ऐसे मामलों में कार्रवाई कर रही है, जिससे सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मधेपुरा पुलिस आमजन की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आपकी सुरक्षा हमारा दायित्व है के संकल्प के साथ पुलिस लगातार कार्य कर रही है और भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे। इस कार्रवाई से यह संदेश गया है कि पुलिस न केवल अपराध नियंत्रण में सक्रिय है, बल्कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए भी संवेदनशील और तत्पर है।
Source link