हनुमानगढ़ में आम आदमी पार्टी (AAP) ने शहर के सार्वजनिक पार्कों में पार्किंग शुल्क वसूली का विरोध किया है। पार्टी ने गुरुवार को जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपकर इस व्यवस्था को तत्काल बंद करने की मांग की। AAP ने इसे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ और अवैध वसूली बताया। ज्ञापन में कहा गया है कि नगर परिषद द्वारा विकसित सार्वजनिक पार्क जनता के टैक्स के पैसे से बनाए गए हैं। इसके बावजूद, इन पार्कों में आने वाले लोगों से पार्किंग शुल्क वसूलना पूरी तरह अनुचित है। पार्टी का तर्क है कि पार्कों का मुख्य उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य और मनोरंजन की सुविधा प्रदान करना है, न कि उनसे शुल्क वसूलना। AAP पदाधिकारियों ने उदाहरण देते हुए बताया कि हनुमानगढ़ टाउन के ऐतिहासिक भटनेर दुर्ग और कालीबंगा के पुरातात्विक स्थलों पर पार्किंग शुल्क नहीं लिया जाता। यहां तक कि जयपुर जैसे बड़े शहरों के सार्वजनिक पार्कों में भी ऐसी कोई वसूली नहीं होती। इसके बावजूद, टाउन क्षेत्र में ओवरब्रिज के पास विकसित पार्क के बाहर बैरिकेडिंग लगाकर पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा है। पार्टी ने बताया कि यह स्थान राज्य हाइवे नंबर 7 का हिस्सा है। जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बेनीवाल ने आरोप लगाया कि नगर परिषद एक ओर पार्कों के रखरखाव के लिए धन की कमी का हवाला देती है, वहीं दूसरी ओर उसकी करोड़ों की जमीन के दुरुपयोग के मामले सामने आ रहे हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। बेनीवाल ने आगे कहा कि पार्कों में रोजाना आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और विद्यार्थियों को पार्किंग शुल्क के कारण मानसिक और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग तो शुल्क से बचने के लिए पार्कों में आना ही कम कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पार्किंग शुल्क बंद नहीं किया गया, तो पार्टी कार्यकर्ता आमजन के साथ मिलकर आंदोलन करेंगे। ज्ञापन सौंपते समय कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link