दतिया जिले में गर्मी ने अब अपना असर तेज़ी से दिखाना शुरू कर दिया है। गुरुवार को सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया और मौसम में बची-खुची ठंडक पूरी तरह गायब हो गई। दिन चढ़ने के साथ ही गर्म हवाओं का असर बढ़ता गया, जिससे आमजन का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। दोपहर के समय शहर के प्रमुख बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया। लोग जरूरी कामों को भी टालते दिखे और अधिकतर ने घरों में रहना ही बेहतर समझा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने के कोई संकेत नहीं हैं। अगले पांच दिनों तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि अप्रैल के तीसरे और चौथे सप्ताह में गर्मी और अधिक तीव्र हो सकती है, जिससे लू जैसे हालात भी बन सकते हैं। रात का भी पारा बढ़ा
ऐसे में नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। वहीं न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिला। दिन के समय उत्तर-पूर्वी दिशा से हल्की हवाएं चलीं, जिनकी औसत गति 1.3 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। हालांकि ये हवाएं गर्मी से राहत देने में नाकाम रहीं।
Source link