जोधपुर में 77वें राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस पर गुरुवार को कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस आयुक्तालय और राजस्थान पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (आरपीटीसी) में कार्यक्रम हुए। पुलिस लाइन में कमिश्नर शरत कविराज की मौजूदगी में परेड, प्रदर्शनी और पुलिसकर्मियों के मुफ्त इलाज के लिए एमओयू हुआ। वहीं आरपीटीसी मंडोर में दीक्षांत परेड के साथ 57 नए कॉन्स्टेबल पुलिस बेड़े में शामिल हुए, जिनमें 43 महिला कॉन्स्टेबल हैं। कमिश्नरेट: 6 प्लाटून की परेड, मेडीपल्स अस्पताल से एमओयू रातानाडा रिजर्व पुलिस लाइन स्थित शहीद ताराचंद स्टेडियम में आयोजित समारोह में पुलिस कमिश्नर शरत कविराज ने परेड की सलामी ली। परेड में RAC, महिला, पुरुष, ट्रैफिक और कालिका पेट्रोलिंग यूनिट सहित 6 प्लाटून शामिल रहीं। पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए पुलिस आयुक्त ने ‘मेडीपल्स अस्पताल’ के साथ एमओयू किया है। इसके तहत पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों का निःशुल्क मेडिकल परीक्षण किया जाएगा। डीसीपी (मुख्यालय व यातायात) शहीन सी के निर्देशन में पुलिस प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें हथियारों, यातायात शिक्षा और साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया गया। आयुक्त ने बताया- अब मीडिया से मिलने वाले इनपुट को सीधे पीसीआर से जोड़कर कार्रवाई की जाएगी। आरपीटीसी: 57 नए कॉन्स्टेबल ने ली शपथ, विश्रामदेवी ने किया नेतृत्व आरपीटीसी के सुल्तान सिंह स्टेडियम में 90/25 बैच के 39 और 91/25 बैच के 18 (कुल 57) नए कॉन्स्टेबल की दीक्षांत परेड हुई। इसका नेतृत्व महिला नवआरक्षी विश्रामदेवी ने किया। मुख्य अतिथि डीआईजी देवेंद्र कुमार बिश्नोई ने परेड की सलामी ली और जवानों को कानून के दायरे में रहकर अपराधियों में खौफ बनाए रखने का संदेश दिया। आरपीटीसी प्रधानाचार्य महावीर सिंह राणावत ने बताया कि ट्रेनिंग में साइबर क्राइम, सीसीटीएनएस और नवीन आपराधिक कानूनों पर विशेष जोर दिया गया है। उत्कृष्ट जवान, मेधावी बच्चे और अंगदाता के परिजन सम्मानित पुलिस लाइन में आयुक्त ने वर्ष 2025 के लिए उत्कृष्ट सेवा, अति उत्तम सेवा और उत्तम सेवा चिन्ह देकर अधिकारियों व जवानों को सम्मानित किया। वहीं आरपीटीसी में डीआईजी ने बैच 90/25 की पूनम को सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर व बेस्ट इंडोर, विश्रामदेवी को बेस्ट आउटडोर व बेस्ट ड्रिल और कविता को बेस्ट फायरर का अवार्ड दिया। 91/25 बैच में अंजू सैनी ऑलराउंडर व इंडोर में, रामकिशोर आउटडोर, सर्विश सिंह फायरर और प्रिया ड्रिल में बेस्ट रहे। इसके अलावा आरपीटीसी में अंगदान करने वाले विक्रम कुमार, विमल कुमार और सेवाराम के परिजनों को मरणोपरांत सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक संध्या, पौधरोपण और 40 यूनिट रक्तदान स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर पुलिस लाइन और आरपीटीसी दोनों जगह सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। इसमें पुलिसकर्मियों के बच्चों ने देशभक्ति और राजस्थानी गीतों पर प्रस्तुतियां दीं। आरपीटीसी में ‘बड़ा खाना’ भी आयोजित हुआ। पुलिस लाइन में गुरुवार को पौधरोपण के साथ-साथ एमडीएम अस्पताल की टीम के सहयोग से आरपीटीसी में 40 यूनिट और पुलिस लाइन अस्पताल में पुलिसकर्मियों द्वारा रक्तदान किया गया। कमिश्नरेट में डीसीपी जिला पूर्व मनीष कुमार चौधरी और डीसीपी जिला पश्चिम कमल शेखावत सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। अंत में पुलिस लाइन में सामुदायिक पुलिस बैंड की धुनों ने सभी का मन मोह लिया।
Source link