अजमेर के जेएलएन अस्पताल में सीटी स्केन कराने के दौरान एक महिला का सोने का मंगलसूत्र चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने अस्पताल स्टाफ पर ही चोरी का आरोप लगाया। उसने मामले में कलक्टर व पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पीड़िता लीड़ी मांगलियावास निवासी आनन्दी देवी पत्नी प्रवीण है। उसने बताया कि वह जेएलएन अस्पताल 1 अप्रैल को उपचार के लिए गई थी। चिकित्सक ने उसे जांच कर सीटी स्केन कराने को कहा। जब वह सीटी स्केन के रूम में गई तो उसे अन्दर बुला लिया। जहां दो कर्मचारी थे, जिन्होंने उसे मंगलसूत्र उतारने को कहा। वह जब मंगलसूत्र उतारकर बाहर परिजन को देने जाने लगी तो उन्होंने मना कर दिया कि अब कमरे का दरवाजा जांच के बाद खुलेगा। ऐसे में उन्होंने मंगलसूत्र वहीं पर रख दिया। जब जांच कर वापस वहां गई तो मंगलसूत्र भी नहीं था। अस्पताल स्टाफकर्मी ने उसे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उल्टा उसे ही डांट लगाकर कमरे से बाहर भगा दिया। उसका आरोप है कि कोतवाली थाने में शिकायत दी। अस्पताल पुलिस चौकी ने जब चैक किया तो वहां लगा कैमरा भी फरवरी 2026 से बन्द पड़ा है। उसने मामले में मुकदमा दर्ज कर उचित जांच व कार्यवाही कर उसका मंगलसूत्र दिलाने की मांग की है।
Source link