बालाघाट की कोतवाली थाना क्षेत्र के जागपुरघाट में गुरुवार देर रात तीन बाइक सवार युवकों ने दो नाबालिगों पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावर उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। घटना में घायल दोनों नाबालिगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल नाबालिगों की पहचान यूपेश पिता वहेन्द्र लिल्हारे (17) और पीयूष पिता राजकुमार रूसे (17) के रूप में हुई है। यूपेश के दाहिने हाथ में चाकू लगा है, जबकि पीयूष के पेट में चाकू के घाव हैं। फिलहाल, दोनों घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। क्रिकेट मैच देखकर लौट रहे थे नाबालिग घायल यूपेश ने बताया कि वे जागपुरघाट में चल रहा क्रिकेट मैच देखने गए थे। इसी दौरान, दो युवक उनके पास आए और पूछा कि क्या यहां कुछ हुआ है। इसके बाद उन्होंने उनकी जेबें चेक करना शुरू कर दिया और जेब से मोबाइल निकालकर खोलने लगे। जब उन्होंने मोबाइल छीनने की कोशिश की, तो हमलावरों ने पीयूष और उस पर चाकू से हमला कर दिया। यूपेश ने बताया कि हमलावर तीन लोग थे, जो उनका मोबाइल लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच की। पुलिस ने घायलों द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
Source link