जहानाबाद के सरकारी स्कूल में शिक्षकों की लापरवाही उजागर:समय से पहले क्लास बंद, टीचर गायब; डीएम ने प्रधानाध्यापक से जवाब मांगा




जहानाबाद के एक सरकारी स्कूल में शिक्षकों की घोर लापरवाही सामने आई है। सदर प्रखंड स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय, अंबेडकर नगर मोहल्ले में समय से पहले स्कूल बंद कर दिया गया और शिक्षक नदारद मिले। जिलाधिकारी (डीएम) अलंकृता पांडेय ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं और प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा है। जानकारी के अनुसार, विद्यालय में चार शिक्षक पदस्थापित हैं, लेकिन निरीक्षण के समय केवल एक शिक्षिका मौजूद थीं। स्कूल खुला तो था, लेकिन बच्चों को पढ़ाया नहीं गया। उन्हें केवल मिड-डे मील खिलाकर छुट्टी दे दी गई और स्कूल में ताला लगा दिया गया। बच्चों ने बताया कि सुबह स्कूल पहुंचने पर उन्हें एक ही शिक्षिका मिलीं, जिन्होंने खाना खिलाने के बाद यह कहकर घर भेज दिया कि उन्हें प्रशिक्षण के लिए जाना है। बच्चों के साथ दुर्व्यवहार का भी आरोप अभिभावकों ने शिक्षकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शिक्षक नियमित रूप से अनुपस्थित रहते हैं और जब आते भी हैं तो पढ़ाने के बजाय मोबाइल फोन में व्यस्त रहते हैं। बच्चों के सवाल पूछने या शोर करने पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है, जिससे बच्चों में डर का माहौल है और उनकी उपस्थिति घट रही है। मामले की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने इस पर सख्त संज्ञान लिया और जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही सामने आने के बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद जिले के अन्य स्कूलों में भी हड़कंप मच गया है। इस सख्ती से जमीनी स्तर पर कितना सुधार आता है, यह देखना बाकी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *