सीधी शहर के पड़ेनिया स्थित प्रताप गैस एजेंसी पर घरेलू गैस की किल्लत से नाराज लोगों ने गुरुवार शाम राज्य मंत्री राधा सिंह के काफिले को रोककर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने वाहन के सामने गैस सिलेंडर रख दिए, इस कारण मंत्री का काफिला करीब 10 मिनट तक मौके पर फंसा रहा। इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। 15 दिनों से सिलेंडर के लिए भटक रहे उपभोक्ता प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि पिछले 10 से 15 दिनों से उन्हें रसोई गैस नहीं मिल रही है। उपभोक्ताओं ने बताया कि मोबाइल पर बुकिंग का ओटीपी आने के बावजूद एजेंसी द्वारा सिलेंडर देने में 10 दिन से अधिक की देरी की जा रही है, जिससे उनके घरों में भोजन बनाने का संकट खड़ा हो गया है। देखें दो तस्वीरें… एक दिन बाद सामने आया वीडियो शुक्रवार को घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं मंत्री के काफिले के सामने खड़ी होकर विरोध दर्ज करा रही हैं। वीडियो में कुछ स्थानीय नेता भीड़ को समझाकर रास्ता खाली कराने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। राज्य मंत्री ने विरोध की बात से इनकार किया इस मामले पर राज्य मंत्री राधा सिंह ने हंगामे की बात को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि ट्रैफिक के कारण उनका काफिला महज एक मिनट के लिए रुका था और कोई विरोध नहीं हुआ। उन्होंने हंगामे की खबरों को गलत बताया है। NSUI प्रदेश सचिव बोले- गाड़ी से नीचे नहीं उतरीं मंत्री एनएसयूआई के प्रदेश सचिव विक्रांत सिंह ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि जिले में गैस के बढ़ते दाम और किल्लत से जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री अपनी गाड़ी से नीचे नहीं उतरीं और न ही उन्होंने प्रदर्शनकारी महिलाओं की समस्या सुनने की कोशिश की, जो अत्यंत शर्मनाक है।
Source link