पंजाब के होशियारपुर जिले के टांडा उड़मुड़ में पुलिस ने चोरी की बैटरियों और एक स्कूटी के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर दो चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं। पकड़े गए आरोपी की पहचान सुखदेव सिंह उर्फ अमन पुत्र निर्मल सिंह निवासी टिब्बी मोहल्ला अहियापुर के रूप में हुई है। डीएसपी दविंदर सिंह बाजवा और एसएचओ गुरिंदरजीत सिंह नागरा ने बताया कि जिला पुलिस प्रमुख संदीप कुमार मलिक के निर्देश पर असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जगह-जगह जांच की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर की गई थी नाकेबंदी थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस टीम सिनेमा चौक के पास मौजूद थी, तभी एक मुखबिर ने सूचना दी कि एक व्यक्ति स्कूटी पर गांव पुल पुख्ता की ओर से चोरी की बैटरियां लेकर आ रहा है। इस सूचना के आधार पर मियानी रोड पर नाकाबंदी की गई। पुलिस ने पुल पुख्ता की ओर से आ रही एक स्कूटी को रोका, जिसके आगे दो बैटरियां रखी हुई थीं। पूछताछ करने पर आरोपी ने बैटरियों और स्कूटी के चोरी का होना स्वीकार किया। आरोपी ने अपना नाम सुखदेव सिंह उर्फ अमन पुत्र निर्मल सिंह निवासी टिब्बी मोहल्ला अहियापुर बताया। कई और वारदातों के खुलासे की उम्मीद प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दो चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कीं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। आरोपी से और वारदातों के खुलासा होने की उम्मीद है। रिमांड मिलने पर उससे और गहराई से पूछताछ की जाएगी।
Source link