प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 अप्रैल को प्रस्तावित पचपदरा रिफाइनरी शुभारंभ कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में जिला प्रभारी मंत्री जोराराम कुमावत ने शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी कार्य समय से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभा स्थल, मंच, पेयजल व्यवस्था, बैठने की सुविधा, पार्किंग स्थल और प्रवेश-निकास मार्गों सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में आमजन के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी इंतजाम सुव्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस
प्रभारी मंत्री ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री की प्रस्तावित मौजूदगी के चलते सुरक्षा में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आमजन की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभा स्थल पर छाया, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सहायता और पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी निर्माण और व्यवस्थाओं से जुड़े कार्यों को तय समय सीमा से पहले पूर्ण करने पर जोर दिया। प्रशासन को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश
जोराराम कुमावत ने इस कार्यक्रम को क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसे सफल बनाने के लिए प्रशासन और सभी विभागों को पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता से काम करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित समीक्षा करने और किसी भी कमी को तुरंत दूर करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव, विधायक डॉ. अरुण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष भरत मोदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अब तक की तैयारियों की जानकारी देते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने का भरोसा दिलाया।
Source link