दवा लेने निकली छात्रा का शव मिला:फर्रुखाबाद में 15 फीट गहरी खाई में पड़ा था, सिर-गर्दन पर चोट




कन्नौज के छिबरामऊ में मां की दवा लेने निकली एक छात्रा का शव फर्रुखाबाद रोड पर एक खाई में मिला है। उसके शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। यह घटना फर्रुखाबाद रोड पर उधरनपुर पुल के आगे हुई। जहां करीब 15 फीट गहरी खाई में युवती का शव पड़ा मिला। शनिवार दोपहर बाद परिजनों ने फर्रुखाबाद जिले के लोहिया अस्पताल स्थित मोर्चरी में पहुंचकर शव की शिनाख्त प्रतीक्षा पाल उर्फ अंशिका के रूप में की। प्रतीक्षा पाल छिबरामऊ नगर के भैनपुरा मोहल्ला स्थित नई बस्ती निवासी अहिबरन सिंह पाल की बेटी थी और एक निजी महाविद्यालय में बीएससी की छात्रा थी। उसकी मां ऊषा पाल ने बताया कि प्रतीक्षा शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे दवा लेने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की थी। शनिवार को परिजनों को फर्रुखाबाद जनपद के जहानगंज थाना क्षेत्र में उधरनपुर पुल के पास सड़क किनारे खाई में एक युवती का शव मिलने की सूचना मिली। घर में पिता और भाई की अनुपस्थिति में रिश्तेदारों ने मोर्चरी पहुंचकर शव की पहचान की। प्रतीक्षा का शव मिलने की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस सक्रिय हो गई और उसके घर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *