बिहार की ऐतिहासिक धरती एक बार फिर खेल जगत की चमक बिखेरने के लिए तैयार है। राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सीनियर नेशनल रग्बी सेवेंस चैंपियनशिप(पुरुष) का भव्य आयोजन होने जा रहा है। रग्बी इंडिया की ओर से आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए जारी किए गए संशोधित कार्यक्रमों ने खेल प्रेमियों के बीच उत्साह की लहर बढ़ा दी है। इस दो दिवसीय टूर्नामेंट में देशभर की कुल 26 टीमें शिरकत करेंगी, जिन्हें नौ अलग-अलग पूल में विभाजित किया गया है। प्रतियोगिता का आगाज छत्तीसगढ़ और चंडीगढ़ के बीच होने वाले पहले पूल मुकाबले से होगा। मेजबान बिहार की टीम पूल-सी में शामिल हैं, जो अपने घरेलू मैदान पर पहले दिन गुजरात और तेलंगाना जैसी टीमों से लोहा लेगी। टूर्नामेंट के पहले दिन का कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहने वाला है, जिसमें सुबह के सत्र के बाद दोपहर 3:45 बजे तक विश्राम दिया जाएगा और फिर शाम के सत्र में रोमांचक मुकाबले रात 10:15 बजे तक जारी रहेंगे। पहले दिन के अंत में पूल मैचों के प्रदर्शन के आधार पर सभी टीमों की रैंकिंग तय की जाएगी, जिसके बाद प्री-क्वार्टर फाइनल के नॉकआउट मुकाबले शुरू होंगे। पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा समापन चैंपियनशिप का दूसरा दिन यानी 21 अप्रैल और भी अधिक चुनौतीपूर्ण होगा। सुबह 6:30 बजे से ही क्वार्टर फाइनल और रैंकिंग सुधारने वाले मुकाबलों का दौर शुरू हो जाएगा। जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, प्रतियोगिता का स्तर और भी कड़ा होता जाएगा। सेमीफाइनल मुकाबले शाम 4:00 बजे से आयोजित किए जाएंगे, जबकि तीसरे और चौथे स्थान के लिए शाम 6:25 बजे भिड़ंत होगी। खेल प्रेमियों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण ‘कप फाइनल’ होगा, जो शाम 6:45 बजे खेला जाएगा, जिससे इस चैंपियनशिप का विजेता तय होगा। टूर्नामेंट का समापन एक भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा, जो शाम 7:15 बजे प्रस्तावित है। हालांकि, समारोह के बाद भी 9वें से लेकर 26वें स्थान तक के निर्धारण के लिए देर रात तक मुकाबले जारी रहेंगे, ताकि हर टीम की अंतिम रैंकिंग स्पष्ट हो सके। टूर्नामेंट कमेटी ने स्पष्ट किया है कि परिस्थितियों को देखते हुए मैचों के समय और कार्यक्रम में बदलाव की संभावना बनी रहेगी। राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होने वाले इस आयोजन से न केवल राज्य में रग्बी को नई पहचान मिलेगी, बल्कि देश के बेहतरीन रग्बी सितारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बड़ा मंच भी मिलेगा।
Source link