कपूरथला की सुल्तानपुर लोधी सब-डिवीजन में एक बाइक रिपेयर शॉप पर काम कर रहे युवक पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को तत्काल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे किसी राहगीर ने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया था और अब यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, अदालत चक निवासी गोल्डी पुत्र दियाड़ू पासवान आज दोपहर आर्य समाज चौक के पास स्थित दशमेश ऑटो पर काम कर रहा था। इसी दौरान, लगभग 9 से 10 युवक अचानक दुकान में घुस आए और उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों के पास तेजधार हथियार भी थे। उन्होंने गोल्डी के साथ-साथ दुकान मालिक पर भी हमला किया और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। घायल गोल्डी ने पुलिस को बताया कि हमलावरों का उसके बड़े भाई के साथ पहले विवाद हुआ था, जिसके बाद समझौता भी हो गया था। इसके बावजूद, आरोपियों ने उस पर हमला किया। गोल्डी ने यह भी बताया कि हमलावर उसे सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार धमकियां दे रहे थे और आगे भी नुकसान पहुंचाने की बात कह रहे थे। इस मामले में सुल्तानपुर लोधी थाने के एएसआई बलदेव सिंह ने जानकारी दी कि पीड़ित का बयान दर्ज कर लिया गया है। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपियों के खिलाफ जल्द ही सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link