मोगा जिले के बाघा पुराना कस्बे में बीती रात बाइक पार्किंग को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति घायल हो गया। बता दे कि यह विवाद मारपीट में बदल गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घायल का इलाज मोगा के सिविल अस्पताल में चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, निहाल सिंह वाला रोड स्थित बीए वाली गली निवासी अमन गोयल अपनी इनोवा कार लेकर गली में जा रहे थे। रोता फैशन हाउस के सामने एक बाइक खड़ी होने के कारण रास्ता अवरुद्ध था। अमन गोयल ने कई बार बाइक हटाने को कहा, लेकिन आरोप है कि उनकी बात को अनसुना कर दिया गया। दुकान कर्मचारी के किया हमला इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि अमन गोयल के साथियों ने रोता फैशन हाउस के मालिक नवतेज कुमार पर हमला कर दिया। बचाव में दुकान के एक कर्मचारी ने कार ड्राइवर अमन गोयल पर वाइपर से वार किया, जिससे वह घायल हो गए। घायल का अस्पताल में इलाज जारी घायल अमन गोयल को पहले बाघा पुराना और फिर मोगा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर दोनों पक्षों की भूमिका की जांच कर रही है और जल्द ही उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। दोषी के खिलाफ होगी कार्रवाई एसएचओ जनक राज ने बताया कि दोनों पक्षों ने लिखित शिकायतें दर्ज कराई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Source link