खन्ना पुलिस ने राजस्थान से पंजाब में भुक्की तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक किसान और एक ट्रक ड्राइवर को 60 किलोग्राम भुक्की चूरा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक वर्ना कार भी बरामद की गई है। यह कार्रवाई एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया के नेतृत्व में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। डीएसपी हरमनप्रीत सिंह चीमा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव बेर खुर्द निवासी किसान हरमनप्रीत सिंह धालीवाल और गांव लोपों निवासी ट्रक ड्राइवर नवजोत सिंह के रूप में हुई है। हरमनप्रीत सिंह कई सालों से नशे के इस कारोबार में लिप्त था। वह नवजोत सिंह के माध्यम से राजस्थान से सस्ते दाम पर भुक्की मंगवाकर इलाके में सप्लाई करता था। तलाशी के दौरान पुलिस ने दबोचा पुलिस ने हरमनप्रीत सिंह को खेतों में बने घर से कार लेकर बाहर निकलते समय रोका। तलाशी के दौरान उसकी वर्ना कार से दो बैगों में 60 किलोग्राम भुक्की बरामद हुई। पूछताछ में नवजोत सिंह का नाम सामने आया, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। जिस ट्रक के जरिए भुक्की लाई गई थी, उसकी बरामदगी अभी बाकी है। आरोपियों से साल 2020 में साढ़े 7 क्विंटल भुक्की मिली थी चौंकाने वाली बात यह है कि दोनों आरोपी पहले भी नशे के एक बड़े मामले में शामिल रह चुके हैं। साल 2020 में उनके पास से लगभग साढ़े 7 क्विंटल भुक्की बरामद हुई थी। वे फिलहाल जमानत पर बाहर थे और जेल से बाहर आते ही उन्होंने दोबारा तस्करी का धंधा शुरू कर दिया था। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी लंबे समय से इस अवैध धंधे में सक्रिय थे। अब पुलिस उनके अन्य नेटवर्क और इस गिरोह से जुड़ी अन्य कड़ियों की भी गहनता से जांच कर रही है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
Source link