पाली में एक ही रात में दो मकानों के ताले टूट गए। दिनों मामलों में पीड़ित परिवार शादी समारोह में गए हुए थे। पीछे से सूने मकानों के ताले तोड़कर चोरों ने 22 तोला सोने की ज्वेलरी, 30 तोला चांदी, दो लाख कैश और कीमती सामान चुरा लिया। दोनों वारदातें ट्रांसपोर्ट नगर थाना इलाके में नया गांव मारुतिनंदन नगर में सोमवार रात हुई। टीपी नगर थानाप्रभारी हनुवंतसिंह सिसोदिया ने मौका मुआयना कर जांच शुरू की है। चोरी हुए गहनों की कीमत करीब 31 लाख रुपए बताई जा रही है। पहला केस: बेटियों के लिए रखे थे गहने पाली के निकट गिरादड़ा गांव हाल पाली शहर के ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र के मारूति नंदन नगर में रहने किरण सिंह पुत्र पूनमसिंह राजपुरोहित ने बताया- सोमवार को हम परिवार सहित गिरादड़ा गांव में शादी समारोह में गए थे। मंगलवार सुबह पड़ोसी का कॉल आया कि मकान का ताला टूटा हुआ है। हम तुरंत घर पहुंचे। देखा तो मकान के मुख्य गेट, कमरे और अलमारी का लॉक टूटा हुअ था। चोरी करीब 22 तोला सोने के, आधा किलो चांदी के गहने और 2 लाख रुपए कैश चोरी कर ले गए। किरणसिंह ने बताया कि गिरादड़ा गांव में उनक मकान बन रहा है। दो दिन बाद छत भराई करवानी थी। इसलिए कारीगर को देने के लिए रुपए घर पर रखे थे। उन्होंने बताया कि उनकी दो बेटियां है। जिनकी अगले एक साल में शादी करने का विचार है। बेटियों की शादी में देने के लिए गहने बनवाकर रखे थे जो चोर ले गए। दूसरा केस: सरकारी टीचर के घर का भी चोरों ने तोड़ा ताला नया गांव मारूति नंदन नगर में रहने वाले सरकारी स्कूल के टीचर प्रकाश कुमार सीरवी पुत्र अमराराम सीरवी के मकान का भी सोमवार रात को चोरों ने ताला तोड़ा। प्रकाश कुमार ने बताया कि वे 16 अप्रwल को परिवार सहित शादी समारोह में गए थे। किस्मत अच्छी थी कि परिवार में शादी होने के चलते पत्नी सारे गहने साथ लेकर आई थी। जिससे ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि चोर 4 ग्राम सोने, 100 ग्राम चांदी के गहने चोरी कर ले गए। गैंग सक्रिय, सावधान रहें शादियों की सीजन में चोर रैकी कर बंद मकान को देखते हैं और रात में चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं। इसके साथ ही ऐसी गैंग भी शादियों की सीजन में सक्रिय रहती है जो बसों में यात्रा करने वाले लोगों पर नजर रखती है। विशेषकर शादी समारोह में जाने आने वाले के बैग, सामान पर उनकी नजर रहती है। उन्हें पता होता है कि शादी समारोह में गए हैं तो गहने तो साथ ले जाएंगे। इसलिए बसों में यात्रा करते समय भी अपने लगेज की विशेष सावधानी रखें। शादी समारोह में जाने के दौरान घर में कीमत सामान न रखें।
Source link