'सैक्रिफाइज से नहीं, मेहनत से महिला आयोग की अध्यक्ष हूं':सांसद के बयान पर प्रो. अप्सरा बोलीं- उनकी पत्नी भी पॉलिटिक्स में हैं, उनका ग्रोथ बताए




पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने महिलाओं को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि 90% महिलाओं का पॉलिटिकल करियर नेताओं के बेड से शुरू होता है। इसके साथ ही मंगलवार को सांसद ने फेसबुक लाइव आकर कहा कि 99% बाबा लड़कियों का शोषण करते हैं। इतना ही नहीं सांसद संजय झा के साथ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष की तस्वीर दिखाते हुए कहा कि इस तरह से पॉलिटिकल ग्रोथ होता है। सांसद पप्पू यादव के बयान आने के बाद दैनिक भास्कर रिपोर्टर ने राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष प्रो अप्सरा से बातचीत की। प्रो अप्सरा ने कहा कि पप्पू यादव मानसिक रूप से दिवालिया हो गए हैं। क्या इसी तरह से ग्रोथ उनकी पत्नी ने किया है? प्रो अप्सरा ने दैनिक भास्कर से और क्या-क्या कहा। पढ़िए पूरी रिपोर्ट सवाल: पप्पू यादव ने कहा है कि 90 प्रतिशत महिलाओं का पॉलिटिकल करियर नेताओं के बेड से शुरू होता है। इस पर आप क्या कहेंगी? प्रो अप्सरा: एक जनप्रतिनिधि से इस तरह के बयान की उम्मीद नहीं की थी। उन्होंने यह बयान देकर बहुत बड़ा पाप किया है। आधी आबादी के लिए इस तरह के बयान की जितनी निंदा की जाए कम है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में बढ़ रही हैं और प्रतिनिधित्व भी कर रही हैं। इस बयान से पप्पू यादव ने अपने मानसिक दिवालियापन के बारे में बताया है। हमारा बिहार महिलाओं को आगे बढ़ाने में अग्रणी है। हमारे देश में एक महिला राष्ट्रपति हैं। महिलाओं के लिए उन्होंने बहुत ही गलत शब्दों का प्रयोग किया है। आधी आबादी का वह मान-सम्मान ना कर सके, लेकिन मुझे सरकार ने आधी आबादी की मान प्रतिष्ठा को बचाने के लिए रखा है और मैं उसका पालन करूंगी। मैंने पप्पू यादव पर संज्ञान लिया है। 3 दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है। अगर वो तीन दिनों में अपना जवाब नहीं देते हैं तो आयोग उनके खिलाफ निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र है। लोकसभा अध्यक्ष से मिल कर उनकी सदस्यता रद्द कराने की मांग करेंगे और इस मुहिम में जुटेंगें, ताकि आने वाले समय में किसी का भी बड़बोलापान स्वीकार न हो। भास्कर: पप्पू यादव ने आपकी संजय झा के साथ वाली फोटो दिखाते हुए कहा कि ऐसे पॉलिटिकल ग्रोथ होता है? इस पर आपका क्या कहना है? प्रो अप्सरा: ये उनका दिवालियापन है। क्या इसी तरह से ग्रोथ उनकी पत्नी ने किया है? क्योंकि उनका ग्रोथ तो कुछ ज्यादा ही है। मैंने छात्र राजनीति से लेकर युवा राजनीतिक तक का सफर तय किया है। बिना किसी कलंक को जोड़कर इस पद पर आई हूं। मैं गर्व महसूस करती हूं कि मैं स्त्री शक्ति का प्रतिनिधित्व करती हूं। मैं जिस पार्टी का प्रतिनिधित्व करती हूं, वहां बहुत ही आन-बान-शान से रहती हूं। मुझे वक्त जरूर लगा, लेकिन आज मैं जहां पर हूं, यह मेरी निष्ठा का परिचय है, ना कि मेरे सैक्रिफाइज का। मैंने आज तक किसी के साथ भी कोई सैक्रिफाइज नहीं किया है। मैं बांकीपुर विधानसभा की प्रभारी भी रही हूं। मैंने अपनी मेहनत के बल पर इस मुकाम को हासिल किया है। भास्कर: पप्पू यादव की पत्नी रंजीत रंजन भी सांसद हैं उनके बारे में क्या कहेंगी? प्रो अप्सरा: पप्पू यादव तो अपनी मान प्रतिष्ठा का खुद हनन कर रहे हैं। अब यह सोचने वाली बात है कि इस तरह की बातें उनकी जेहन में किसने दी। क्या इस तरह से सैक्रिफाइज करना उन्होंने अपनी पार्टी की महिलाओं को सिखाया है? क्या उनकी पत्नी ने कभी कहा था कि उनको इस तरह का सैक्रिफाइज करना पड़ा है? आखिर उन्होंने किसे देखकर इस तरह का बयान दिया है। मैं तो दृढ़ता से कहती हूं कि मैं जहां से आई हूं वहां इस तरह की बातें मैंने नहीं देखी है। अगर वह ये देखें हैं तो एक तरह से उन्होंने सभी को एक ही कटघरे में लाकर रख दिया है। भास्कर: पप्पू यादव ने जिस तरह से आपका फोटो संजय झा के साथ दिखाया है, क्या आप उन पर कोई मानहानि का केस भी करेंगी? प्रो अप्सरा: अगर जरूरत पड़ी तो मैं निश्चित रूप से करूंगी। यह फोटो मेरा माननीय सांसद के साथ है और कुछ दिन पहले मैंने उपमुख्यमंत्री से भी मुलाकात की थी। उनके साथ भी मेरी तस्वीर हैं। आज कल तो सोशल मीडिया का जमाना है। हम लोग तो अपने नेताओं के साथ फोटो खिंचवा करके गौरवांवित महसूस करते हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *