गुना में बैलगाड़ी और बाइक की टक्कर:शहर से वापस अपने गांव लौट रहे बाइक सवार की मौत, दूसरा साथी घायल




जिले के म्याना इलाके में हुई बैलगाड़ी और बाइक की टक्कर में एक की मौत हो गई। वहीं दूसरा घायल है। बाइक सवार दो लोग अपने गांव वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे चल रही बैलगाड़ी से टकरा गई। घटना मंगलवार रात की है, बुधवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया। मिली जानकारी के अनुसार म्याना थाना इलाके के चक बिलोदा के रहने वाले 45 वर्षीय जौहर सिंह भिलाला अपने एक अन्य साथी करण के साथ बाइक से किसी काम से गुना आए थे। यहां से वे दोनों मंगलवार शाम लगभग 7 बजे बाइक से वापस गांव की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक ग्राम मोहन पुर के पास रोड पर से निकल रही बैलगाड़ी से टकरा गई। बाइक और बैलगाड़ी के आमने सामने हुई यह भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि इस हादसे में बाइक चला रहा जौहर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक पर उनके साथ पीछे बैठे करण को भी चोटें आई। अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ा
इस दुर्घटना की जानकारी लगते ही मौके पर पहुंच कर पुलिस की एक टीम इन दोनों को लेकर जिला चिकित्सालय आई,लेकिन तब तक उन हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए जौहर सिंह की मौत हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुर्घटना में घायल करण को भर्ती कर उसका उपचार किया गया है। आज सुबह पुलिस ने मृतक जौहर सिंह के शव का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया है और उसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पूरे मामले में हैरत की बात यह है कि इस भीषण हादसे में घायल करण ने इस दौरान गांव के कुछ लोगों द्वारा उसके साथ मारपीट किए जाने के आरोप भी लगाए हैं। जिसकी शिकायत उसने ऊमरी चौकी में दर्ज कराई है। पुलिस ने फिलहाल दुर्घटना का मामला दर्ज कर उसकी जांच करने के साथ ही मारपीट के आरोपों की जांच भी शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *