शेखपुरा में कम्युनिस्ट नेता लेनिन की 156वीं जयंती और भाकपा माले का 58वां स्थापना दिवस बुधवार को माले कार्यालय में समारोहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी के जिला सचिव विजय कुमार विजय, माले नेता कमलेश प्रसाद, विशेश्वर महतो और नरेश महतो सहित कई पार्टी कार्यकर्ता व समर्थक उपस्थित थे। ”इतिहास केवल राजाओं और पूंजीपतियों की विरासत नहीं” कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला सचिव विजय कुमार विजय ने कहा कि महान कम्युनिस्ट नेता लेनिन का जन्म 22 अप्रैल 1870 को हुआ था। उन्होंने 1917 में दुनिया की पहली मजदूर-किसान सरकार बनाकर यह साबित किया कि इतिहास केवल राजाओं और पूंजीपतियों की विरासत नहीं है। विजय कुमार विजय ने लेनिन को सोवियत रूस तक सीमित न बताते हुए उन्हें धरती के हर उस इंसान का नेता बताया जो अन्याय के खिलाफ खड़ा होना चाहता था। उन्होंने कहा कि जब तक दुनिया में कोई भूखा सोएगा या किसी मजदूर का शोषण होगा, लेनिन संघर्षों में जीवित रहेंगे। उन्होंने शहीदों और दिवंगत नेताओं को नमन किया और सभी सदस्यों व समर्थकों को शुभकामनाएं दीं। अन्य नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए मौके पर उपस्थित अन्य नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लेनिन के चित्र पर फूल माला चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का समापन ‘फासीवाद मुर्दाबाद, लोकतंत्र जिंदाबाद’, ‘साम्राज्यवाद मुर्दाबाद, समाजवाद जिंदाबाद’, ‘कामरेड लेनिन अमर रहे’ और ‘कामरेड चारु मजूमदार अमर रहे’ जैसे नारों के साथ हुआ।
Source link