किसानों की समस्या नहीं सुलझी तो आंदोलन करेंगे विधायक:विदिशा में उपार्जन केंद्रों की अव्यवस्था, तुलाई में देरी; 7 दिन का दिया अल्टीमेटम




शमशाबाद से भाजपा विधायक सूर्य प्रकाश मीणा ने किसानों की समस्याओं पर अपनी ही सरकार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो वे खुद किसानों के साथ सड़कों पर उतरेंगे। नटेरन, विदिशा और शमशाबाद क्षेत्र से आए भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक सूर्य प्रकाश मीणा से मुलाकात कर किसानों की समस्याओं से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा। किसानों ने उपार्जन केंद्रों पर अव्यवस्थाओं, तुलाई में देरी और अन्य परेशानियों को प्रमुख मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि हर साल 20 अप्रैल तक तुलाई प्रक्रिया पूरी हो जाती थी, लेकिन इस बार व्यवस्थाएं अभी भी शुरुआती चरण में हैं, जिससे किसानों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विधायक मीणा ने कहा कि वे इस ज्ञापन को लेकर जल्द ही कृषि मंत्री और मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। उन्होंने उपार्जन व्यवस्था में सुधार की मांग उठाने का आश्वासन दिया। समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करेंगे उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो वे स्वयं किसानों के साथ सड़कों पर उतरेंगे। उन्होंने किसानों से भी आंदोलन के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। सत्ता पक्ष के विधायक द्वारा अपनी ही सरकार के खिलाफ इस तरह का रुख अपनाना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। आमतौर पर ऐसे तेवर विपक्ष की ओर से देखने को मिलते हैं, लेकिन भाजपा विधायक का यह बयान अलग संदेश दे रहा है। इससे पहले, पूर्व विधायक शशांक भार्गव भी उपार्जन की व्यवस्थाओं को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिख चुके हैं। कांग्रेस पार्टी भी उपार्जन संबंधी परेशानियों को लेकर ज्ञापन सौंप चुकी है। भारतीय किसान संघ ने भी किसानों से आंदोलन के लिए तैयार रहने को कहा है। लगातार हो रही देरी और अव्यवस्थाओं के चलते किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *