सीतापुर में बंद घर से लाखों के जेवरात-नगदी चोरी:परिवार मांगलिक कार्यक्रम में गया था, चोरों ने दिया वारदात को अंजाम




सीतापुर के अटरिया थाना क्षेत्र के रनुवा पारा गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। इस वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी विमल शुक्ला बुधवार को अपने परिवार के साथ लखनऊ जनपद के इटौंजा क्षेत्र में एक रिश्तेदारी में आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी दौरान घर बंद पड़ा हुआ था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि चोर पीछे की दीवार फांदकर मकान के अंदर दाखिल हुए। घर के भीतर पहुंचने के बाद चोरों ने कमरे में रखे बक्सों को खंगाला और एक बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती जेवरात और नगदी चोरी कर ली। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर आसानी से मौके से फरार हो गए। देर रात जब परिवार कार्यक्रम से वापस लौटा तो घर का टूटा ताला और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। पीड़ित परिवार ने तुरंत अटरिया पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पीड़ित विमल शुक्ला के मुताबिक करीब 10 लाख रुपये के जेवरात चोरी हुए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की तलाश में जुट गई है। घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *